KORBA : जप्त कबाड़ को बनाया अपना जुगाड़, एसपी हुए सख्त, TI ,ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड,महकमे में मची खलबली …

0 कटघोरा पुलिस पर क्षेत्र के कबाड़ी की गाड़ी पकड़, कार्रवाई की बजाय लेन-देन की शिकायत पर ,SDOP की जाँच प्रतिवेदन पर हुई कार्रवाई

कोरबा। जिले में जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के द्वारा अवैध कार्यों और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। सख्त कार्रवाई की कड़ी में भी कुछ अवैध कारोबारी और कबाड़ी अपना काम कर रहे हैं। हालांकि कुछ कबाड़ियों के द्वारा कथित जीएसटी बिल होने का हवाला देकर अपना अवैध कारोबार वैध बताकर किया जा रहा है। ऐसे ही एक मामले में कबाड़ से भरा ट्रक पकड़ने और करीब 15-20 दिन तक उसे थाना में खड़ी करने व कार्रवाई न कर लेन-देन कर लेने के बाद भी नहीं छोड़ने संबंधी शिकायत पर जांच के बाद एसपी ने 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन की यह गाज कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक एमबी पटेल, सहायक उप परीक्षक राम पांडेय, आरक्षक पुष्पेंद्र कुर्रे व कंवर पर गिरी है।

विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक मामला कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कबाड़ी पवन व गोलू से जुड़ा हुआ है। पुष्ट सूत्र बताते हैं कि लगभग 15 से 20 दिन पहले एक गाड़ी पकड़ी गई थी और हाल ही में 3 दिन से कोई एक और कबाड़ लदा ट्रक पुलिस द्वारा रुकवा कर रखा गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही थी। जिला पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में सीधे तौर पर शिकायत की गई थी। उन्होंने संज्ञान में आते ही कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत को जांच का जिम्मा सौंपा। एसडीओपी ने जांच प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए विस्तृत जानकारी दी है।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि कप्तान ने इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई कर एक बार फिर स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार करने वालों और इन्हें संरक्षण अथवा किसी भी तरह से सह देने या संदिग्ध आचरण रखने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कप्तान की इस कार्रवाई से महकमे और खासकर वर्दी की आड़ में सेटिंग का खेल खेलने वालों में खलबली मची हुई है।