CG : मानसून का रौद्र रूप, भारी बारिश से कोरबा से लेकर राजधानी में जलभराव जैसे हालात,मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज-येलो अलर्ट

0 कोरबा समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना

रायपुर कोरबा । छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने 24 अगस्त को दोपहर 12 बजे जारी चेतावनी में कोरबा समेत प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए कई क्षेत्रों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।शाम तक हुई झमाझम बारिश से जलभराव के हालात निर्मित हो गए हैं।

👉कोरबा में विशेष सतर्कता की दरकार

मौसम विभाग की चेतावनी में कोरबा जिले को प्रमुखता से शामिल किया गया है। अगले 24 घंटे के दौरान कोरबा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अगले 24 से 48 घंटे के दौरान भी कोरबा में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।शाम तक भारी बारिश होने से निचले इलाकों में जलभराव, सड़कों पर फिसलन, नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने और आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन आई है । ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

इन जिलों में भी बारिश का अलर्ट


अगले 24 घंटे में बलौदाबाजार, बिलासपुर, जांजगीर-चांपा, कोरबा, महासमुंद, रायगढ़, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सरगुजा सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं अगले 24 से 48 घंटे के दौरान बालोद, बलौदाबाजार, बिलासपुर, दंतेवाड़ा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जांजगीर-चांपा, कांकेर, कोरबा, महासमुंद, नारायणपुर, रायगढ़, राजनांदगांव, सक्ती, सारंगढ़-बिलाईगढ़, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली और सूरजपुर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

👉बारिश के दौरान सावधानी बरतने की अपील

मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और कमजोर पुल-पुलियों के पास जाने से बचने की जरूरत है। तेज बारिश और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार 64.5 से 115.5 मिलीमीटर बारिश भारी तथा 115.6 से 204.4 मिलीमीटर बारिश बहुत भारी वर्षा की श्रेणी में आती है। कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है।