अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार तड़के आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के वक्त नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में 39 बच्चों का इलाज चल रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वेंटिलेटर में धमाके के बाद आग और धुआं फैलने की बात सामने आई है। हादसे में तीन नवजातों की मौत हो गई, जबकि छह बच्चों को बेहतर इलाज और निगरानी के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल शिफ्ट किया गया है।
👉सुबह 3:30 बजे NICU में हुआ धमाका

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित NICU में अचानक धमाका हुआ। इसके तुरंत बाद वार्ड में आग और धुआं फैल गया। प्रारंभिक जानकारी में वेंटिलेटर में धमाके को आग लगने की संभावित वजह बताया जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
👉NICU में भर्ती थे 39 नवजात
घटना के वक्त NICU में कुल 39 नवजात भर्ती थे। आग और धुआं फैलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर, नर्स और अन्य अस्पताल कर्मचारियों ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अस्पताल स्टाफ ने बड़ी संख्या में नवजातों को समय रहते वार्ड से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। हालांकि, हादसे में तीन नवजात गंभीर रूप से झुलस गए और बाद में उनकी मौत हो गई।
👉6 नवजात सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल भेजे गए
रेस्क्यू किए गए बच्चों में से छह नवजातों को अतिरिक्त चिकित्सा निगरानी और उपचार के लिए सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया है। NICU में आग के कारण कई मेडिकल उपकरण और अन्य सामान के क्षतिग्रस्त होने की जानकारी है। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि आग अस्पताल के अन्य हिस्सों तक नहीं फैली।
