0 घंटाघर चौक पर 51 हजार से अधिक दीयों से सजा भव्य आयोजन, उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक हुए शामिल
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कोरबा नगर के हृदय स्थल घंटाघर चौक परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री तथा कोरबा विधायक श्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में 51 हजार से अधिक दीये प्रज्वलित किए गए। हजारों दीपों की रोशनी से पूरा घंटाघर चौक परिसर जगमगा उठा और आयोजन स्थल उत्सवी वातावरण से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जीका पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, जोगेश लाम्बा, पार्षदगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन, नगर पालिक निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
👉जनसेवा के प्रति कृतज्ञता और विकसित भारत का संकल्प
आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य जनसेवा की भावना के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है। कार्यक्रम के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने का संदेश भी दिया गया।
इसी क्रम में जिले के विभिन्न नगरीय निकायों, जनपद पंचायत क्षेत्रों एवं शासकीय कार्यालयों में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए गए।
👉जिले में साढ़े 5 लाख से अधिक दीये किए गए प्रज्वलित

जिला प्रशासन द्वारा जिलेभर में कुल 5 लाख 50 हजार दीये प्रज्वलित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। जिले के 11 प्रमुख स्थलों पर 1 लाख 17 हजार 700 दीयों का सामूहिक प्रज्वलन किया गया। इसके अतिरिक्त नागरिकों द्वारा अपने-अपने घरों में भी दीप प्रज्वलित किए गए।
नागरिकों तक दीये पहुंचाने के लिए राशन दुकानों, आरोग्य मंदिरों एवं गैस केंद्रों के माध्यम से भी व्यवस्था की गई थी। नगर पालिक निगम कोरबा के घंटाघर चौक के अलावा कटघोरा के राधासागर तालाब एवं शिव मंदिर परिसर, बांकीमोंगरा के गजरा ग्राउंड तथा दीपका के राधासागर तालाब एवं पुष्प वाटिका में भी सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया।
👉दीपों की रोशनी में दिखी जनभागीदारी

घंटाघर चौक परिसर में एक साथ हजारों दीये प्रज्वलित होते ही पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा। ‘आशीर्वाद का दीया’ के रूप में सजे दीपों ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर जनभागीदारी की भावना को मजबूत किया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
👉’आशीर्वाद का दीया’ सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना का प्रतीक:-मंत्री श्री देवांगन

इस अवसर पर उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दीपक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और देश के विकास के प्रति कृतज्ञता एवं शुभकामनाओं का प्रतीक है।
श्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अक्टूबर 2025 में उन्होंने सरकार के प्रमुख के रूप में सेवा के 25वें वर्ष में प्रवेश किया था।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प देश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से साकार होगा। सेवा संकल्प अभियान इसी भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है।
👉कोरबा के विकास में भी दिख रहा सेवा और विकास का संकल्प
श्री देवांगन ने कहा कि कोरबा जिले में जिला खनिज न्यास के माध्यम से विभिन्न विकास कार्यों को गति मिली है। इसके अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूल भवनों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आश्रम-छात्रावासों, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए भी जिला खनिज न्यास से स्वीकृति दी गई है। 15 अक्टूबर के बाद सड़क मरम्मत के कार्यों में तेजी लाई जाएगी। जिले में आवागमन और बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाना हमारी प्राथमिकता है।
👉साढ़े 5 लाख से अधिक दीयों से रोशन हुआ जिला
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि आज कोरबा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के माध्यम से बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए। मुख्य आयोजन स्थल पर 51 हजार से अधिक दीये जलाए गए, जबकि जिलेभर में साढ़े पांच लाख से अधिक दीयों के प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि नागरिकों ने अपने घरों में भी दीप जलाकर सहभागिता की। यह सामूहिक सहभागिता सेवा और संकल्प की भावना को और मजबूत करती है।
👉17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। अभियान के दौरान सेवा, जनकल्याण एवं जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं तथा उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की सही जानकारी नागरिकों तक पहुंचने से पात्र हितग्राही उनका लाभ लेने के लिए आगे आ सकेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से सेवा, जनभागीदारी और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
👉कोरबा के लिए गौरव का अवसरः- महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि आज कोरबा के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके सार्वजनिक जीवन में निरंतर सेवा के 25 वर्ष के अवसर पर कोरबा के हृदयस्थल घंटाघर चौक में 51 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान सेवा, सुशासन, जनकल्याण और जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि आज प्रज्वलित किए गए दीप जनभागीदारी और शुभकामनाओं के प्रतीक हैं।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम ने कोरबा में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत को दीपों की रोशनी, जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प के साथ विशेष स्वरूप प्रदान किया।
श्री गोपाल मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना और सेवा को संकल्प मानने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को नमन करते हैं। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री और वर्ष 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने विकास को नई गति दी। जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, भारतमाला, राष्ट्रीय राजमार्ग और एक्सप्रेस-वे जैसी उल्लेखनीय कार्याे से जनसुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ। देश ने आर्थिक, तकनीकी, स्वास्थ्य और रक्षा के क्षेत्र में भी तेजी से प्रगति की है।
राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 से जुड़े संवैधानिक बदलाव और तीन तलाक के खिलाफ कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश के इतिहास में नई दिशा दी। ‘आत्मनिर्भर भारत’ और 2047 तक ‘विकसित भारत’ का संकल्प जनभागीदारी से ही साकार होगा। हम सभी मिलकर इस संकल्प को पूरा करने में अपना योगदान दें, यही प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति सच्ची शुभकामना और राष्ट्रसेवा है।”
👉स्वच्छता कामगारों के सम्मान एवं दीपमाला का आयोजन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले स्वच्छता कर्मियों को स्वच्छता किट एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कृष्णा देवी, गीता कश्यप, रमिला देवी, सरिता प्रजापति, सरस्वती पटेल, कुंवर सिंह, रंगीला नेगी, रगैया, वनिता लावरिया एवं राम नरेश शामिल रहे। इस अवसर पर सुंदर एवं आकर्षक रंगोली के माध्यम से भारत के मानचित्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का चित्र उकेरने के लिए मनीषा अग्रवाल, सोनिया महंत, अदिति गर्ग, महावीर एवं उनके साथियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने सभी प्रतिभागियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 51 हजार दीपो से सजी भव्य दीपमाला एवं कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई आकर्षक रंगोली का अवलोकन किया। रंगोली में भारत के मानचित्र के भीतर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सुंदर चित्र उकेरा गया था, जिसे देखकर अतिथियों ने कलाकारों की प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की।
