KORBA : बारूद की ढेर पर शहर! सिंधी मोहल्ले में कोतवाली पुलिस की दबिश में 2 लाख के 18 कार्टून पटाखे जब्त …

कोरबा। दिवाली से पहले कोरबा में पटाखों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। शहर के सिंधी मोहल्ला पुरानी बस्ती में कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर करीब ₹2 लाख कीमत के पटाखों का जखीरा बरामद किया है। गोदाम में बिक्री के लिए रखे गए अलग-अलग कंपनियों के 18 कार्टून पटाखे पुलिस ने जब्त किए हैं।

👉गोदाम बना रखा था पटाखों का ठिकाना!

पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंधी मोहल्ला पुरानी बस्ती में एक मकान के पास बने गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखों का अवैध रूप से भंडारण किया गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गोदाम में दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न प्रकार के पटाखों से भरे 18 कार्टून मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को जब्त कर लिया। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

👉दिवाली से पहले बिक्री की तैयारी?

पुलिस के अनुसार, पटाखों को बिक्री के उद्देश्य से अवैध रूप से भंडारित किया गया था। कार्रवाई में बलराम जज्ञासी पिता रमेश कुमार, उम्र 42 वर्ष, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती को आरोपी बनाया गया है।
मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

👉SP के निर्देश पर पटाखों के अवैध कारोबार पर शिकंजा

कोरबा में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। दिवाली के पहले हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों में हड़कंप मच गया है।
अब बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखे गोदाम तक कैसे पहुंचे? क्या इनके लिए वैध अनुमति थी? और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं? पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इन सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद है।