नयनाभिराम पंडाल ,मनोहारी मूर्तियां मोह रही मन ,मां दुर्गा की आराधना में डूबे कोरबावासी ,गरबा -डांडिया से भी की जा रही जगदम्बा की आराधना

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। मां दुर्गा की अराधना का पर्व शारदीय क्वांर नवरात्रि में पूरे कोरबावासी डूबे हुए हैं। नवरात्रि के नवमें दिन जहां मंदिरों में मादर के थाप के बीच ज्वारा विसर्जन किया गया। वहीं दुर्गा पूजा पंडालों में देर रात तक नयनाभिराम पंडाल एवं मां की मनोहारी मूर्तियों का दर्शन करने लोगों की भींड उमड़ी। आकर्षक लाईटिंग साज ,सज्जा जहां लोगों को लुभा रहे हैं वहीं मां की आराधना निमित्त गरबा – डांडिया में प्रतिभागियों की साज सज्जा व उत्साह देखते ही बन रहा है। कल दशहरे के दिन भी दुर्गा पूजा पंडालों में रौनक रहेगी।

शारदीय नवरात्रि का पर्व असत्य पर सत्य की जीत के रूप में मनाया जाता है।मान्यता है कि मां दुर्गा ने महिषासुर नामक असुर का 9 दिन तक युद्ध करने के बाद दसवें दिन वध कर देव एवं मानव को की रक्षा की थी। यही नहीं एक और मान्यता है कि प्रभु श्री राम ने लंका विजय से पूर्व 9 दिनों तक मां की पूजा अर्चना की थी। जिससे प्रसन्न होकर मां दुर्गा ने विजय होने का आशीर्वाद दिया। और दसवें दिन विजयादशमी के दिन रावण का प्रभु श्री राम ने संहार किया था। असत्य पर सत्य की जीत का पर्व नवरात्रि तब से हर्षोल्लास से मनाया जाता रहा है। इस साल कोरोना के संक्रमण डदर नियंत्रित होने पर जिला प्रशासन ने कोविड -प्रोटोकॉल के शर्तों के साथ दुर्गा पूजा की अनुमति दी। जिससे पर्व को लेकर जिलेवासियों का आस्था के उत्साह बढ़ गया। दुर्गा पूजा उत्सव समितियों ने भी शहर सहित उपनगरीय क्षेत्रों में दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन किया है। शहर में आधा दर्जन से अधिक नयनाभिराम पंडाल लोगों को सहसा ही अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। आरपी नगर फेस वन का पंडाल एवं इंदिरा विहार टी पी नगर दुर्गोत्सव समिति का पंडाल देखते ही बन रहा है। इस साल दोनों ही दुर्गोत्सव समिति ने अलग ही थीम पर पंडाल बनाया। इसके अलावा आरपीनगर फेस टू ,आर एस एस नगर ,पुराना बस स्टैंड का पंडाल एवं मां की मूर्तियां भी भक्तों को आकर्षित कर रही हैं।अधिकांश पूजा पंडालों में प्रतिदिन कोविड -प्रोटोकॉल का पालन कर भोग (प्रसाद)वितरण भी किया जा रहा है। उपनगरीय क्षेत्र कुसमुंडा ,दीपका ,बालको ,कटघोरा ,पाली ,बांकीमोंगरा में भी दुर्गा पूजा उत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बरपाली ,करतला ,रजगमार ,पोंडी उपरोड़ा ,पसान ,मोरगा,सिरमिना में दुर्गा पूजा उत्सव का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को विजयादशमी पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनेगा। प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार पुतला दहन का कार्यक्रम होगा।