ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 5 विकेट लेकर भारत का मिडिल ऑर्डर ढहाया।
एडिलेड/ ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम 90 मिनट में सिमट गई। टीम इंडिया दूसरी पारी में 36 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया के सामने मैच जीतने के लिए 89 रन का टारगेट है। मेजबान टीम के जोश हेजलवुड ने 5 और पैट कमिंस ने 4 विकेट लिए।
टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 244 रन बनाए थे। इसके बाद मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 191 रन पर समेट दिया था।
कमिंस के 4 विकेट ने भारतीय टीम को पस्त किया
तीसरे दिन भारतीय टीम ने एक विकेट पर 9 रन से आगे खेलना शुरू किया। इसके बाद टीम ने 10 रन बनाने में 5 विकेट गंवा दिए। इसमें तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने 4 विकेट लिए। कमिंस ने तीसरे दिन की शुरुआत में जसप्रीत बुमराह (2) को अपनी ही बॉल पर कैच लेकर पवेलियन भेजा। उन्होंने भारत को तीसरा झटका चेतेश्वर पुजारा के रूप में दिया। पुजारा बिना खाता खोले कमिंस की बॉल पर विकेटकीपर पेन के हाथों कैच आउट हुए।
कप्तान विराट कोहली 4 रन बनाकर पैट कमिंस की बॉल पर आउट हुए। कैमरून ग्रीन ने उनका कैच लिया। कमिंस ने दूसरा दिन खत्म होने से पहले पृथ्वी शॉ को बोल्ड किया था।
जोश हेजलवुड ने 5 विकेट लिए
तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने 5 विकेट लेकर भारत का मिडिल ऑर्डर ढहाया। मयंक अग्रवाल 40 बॉल में 9 रन बनाकर आउट हुए। हेजलवुड की बॉल पर विकेटकीपर टिम पेन ने उनका कैच लिया। इसके बाद हेजलवुड ने अजिंक्य रहाणे को बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। विकेटकीपर पेन ने उनका कैच लिया।
ऋद्धिमान साहा 4 रन बनाकर जोश हेजलवुड की बॉल पर आउट हुए। मार्नस लाबुशाने ने उनका विकेट लिया। रविचंद्रन अश्विन बिना खाता खोले जोश हेजलवुड की बॉल पर आउट हुए। विकेटकीपर टिम पेन ने उनका कैच लिया।
पहली बार भारत ने सबसे कम स्कोर पर 6 विकेट गंवाए
भारत ने टेस्ट में शुरुआती 6 विकेट गंवाकर अब तक के सबसे कम 19 रन बनाए हैं। इससे पहले 1996 में भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन में अपने 6 विकेट 25 रन पर गंवा दिए थे।
स्कोर | खिलाफ | जगह | साल |
19/6 | ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड | 2020 |
25/6 | साउथ अफ्रीका | डरबन | 1996 |
27/6 | न्यूजीलैंड | हैदराबाद | 1969 |
28/6 | इंग्लैंड | लॉर्ड्स | 1974 |
पृथ्वी शॉ दूसरी पारी में भी फ्लॉप
भारतीय ओपनर टेस्ट की दोनों पारियों में फ्लॉप रहे। पहली पारी में वे खाता भी नहीं खोल सके थे और मैच की दूसरी बॉल पर ही मिचेल स्टार्क ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया था। दूसरी पारी में खाता तो खोला, लेकिन 4 रन ही बना सके और पैट कमिंस की बॉल पर बोल्ड हो गए।
दोनों टीमें:
भारत: विराट कोहली (कप्तान), मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शाॅ, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, अजिंक्य रहाणे, ऋद्धिमान साहा, रविचंद्रन अश्विन, उमेश यादव, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया: जो बर्न्स, मैथ्यू वेड, मार्नस लाबुशाने, स्टीव स्मिथ, ट्रेविस हेड, कैमरून ग्रीन, टिम पेन (विकेटकीपर और कप्तान), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और जोश हेजलवुड।