KORBA : नहर पुल रेलिंग चोरी मामला – 5 और आरोपी गिरफ्तार ,अब तक 15 पहुंचे सलाखों के पीछे …..

कोरबा। जिले में सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल से लोहे की रेलिंग चोरी के मामले में पुलिस ने 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में चौकी सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, 17 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने गैस कटर की मदद से नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग काटकर चोरी कर ली थी। इस संबंध में चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पहले ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। फरार चल रहे शेष 5 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार पंडित उर्फ बमजी, राजीव कुमार सिंह, संदीप महत, शिवनारायण सागर उर्फ शिवा और आदित्य यादव शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न इलाकों के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे।