उत्तरप्रदेश । उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां राष्ट्रीय राजमार्ग 730 (NH-730) पर सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से भरी डग्गामार मैजिक गाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।
इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई है। दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया और अधिकारियों को राहत व बचाव कार्य का निर्देश दिया है। घायलों के बेहतर इलाज को भी कहा है।
👉सिसैया के पास हुआ हादसा, मची चीख-पुकार

यह दर्दनाक हादसा लखीमपुर खीरी के ईसानगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिसैया के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित डग्गामार मैजिक गाड़ी करीब 12 सवारियों को लेकर लखीमपुर से ईसानगर की तरफ जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से एक तेज रफ्तार ट्रक लखीमपुर की ओर आ रहा था। सिसैया के पास पहुंचते ही दोनों वाहनों में सीधी और बेहद जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।
👉मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ईसानगर थाने की पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मैजिक के मलबे में फंसे घायलों और शवों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है, जहां दस लोगो को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
👉मौके पर ही पांच लोगों की मौत
पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायलों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दो घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण जिला। अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अभी तक नौ की शिनाख्त हो गई है।
👉मरने वालों में अब तक नौ की हो सकी शिनाख्त
मरने वालों में नौ की पहचान हो सकी है। छह बहराइच, दो खीरी और एक महिला सीतापुर की रहने वाली है। मरने वालों में जयवीर सिंह पुत्र पेशकार सिंह उम्र करीब 25 वर्ष, पवन पुत्र संतोष उम्र करीब 23 वर्ष, सोहन पुत्र सत्रोहन उम्र करीब 21 वर्ष, राजेश गोयल पुत्र मणिलाल गोयल उम्र करीब 42 वर्ष, सहज राम पुत्र छोटे उम्र करीब 35 वर्ष, पप्पू पुत्र दुलन गौतम उम्र करीब 18 वर्ष, अदनान खान पुत्र वकील अहमद उम्र करीब 15 वर्ष, जुलेखा 45 पत्नी हबीब और गायत्री वैश्य 44 पत्नी रमेश चन्द्र शामिल हैं।
👉अफसरों को सीएम योगी का निर्देश
सीएम योगी ने घटना को लेकर दुख जताया और अधिकारियों को कई निर्देश दिए हैं। एक्स पर लिखा कि जनपद लखीमपुर खीरी में दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। स्थानीय प्रशासन को घायलों व पीड़ितों को त्वरित व समुचित सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
