उत्तरप्रदेश । हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
👉रात 2 बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक हादसा शुक्रवार देर रात करीब 2 बजे ललपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन पुल के नीचे कई मजदूर सो रहे थे, तभी अचानक स्लैब गिर गया और वे मलबे में दब गए। घटना की सूचना मिलते ही SDRF और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
👉आंधी-बारिश बनी हादसे की वजह

उत्तर प्रदेश ब्रिज कॉरपोरेशन के एमडी धर्मवीर सिंह ने बताया कि देर रात तेज आंधी और बारिश के कारण स्लैब गिर गया। मौसम विभाग के मुताबिक, हमीरपुर में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली थी। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और लखनऊ से वरिष्ठ अधिकारी भी हमीरपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
👉मृतकों में बांदा और हमीरपुर के मजदूर शामिल
प्रशासन के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले 6 मजदूरों में, 4 मजदूर बांदा जिले के और 2 मजदूर हमीरपुर जिले के निवासी थे। घायलों और अन्य मजदूरों की तलाश जारी है।
👉90 करोड़ की लागत से बन रहा था पुल
उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा मोराकंद और कुरारा गांव के बीच 700 मीटर लंबा, दो-लेन वाला एक पुल बनाया जा रहा था, जिसकी अनुमानित लागत ₹90 करोड़ थी। पुल का निर्माण कार्य मार्च 2024 में शुरू हुआ था और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा किया जाना निर्धारित था।
