CG : गर्लफ्रेंड के घर बॉयफ्रेंड की संदेहास्पद परिस्थितियों में मिली लाश, मचा हड़कंप, शराब पार्टी के बाद हुआ था विवाद, कई पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस …

दुर्ग । दुर्ग जिले में शराब पार्टी के बाद एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के घर दोस्तों के साथ पार्टी करने पहुंचा था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और गर्लफ्रेंड ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक घर की छत पर चला गया। कुछ देर बाद वह वहां बेसुध हालत में मिला। गर्लफ्रेंड के द्वारा उसे CPR देकर बचाने की कोशिश करने की बात कहीं जा रही है, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। युवक की संदिग्ध हालत में हुई मौत के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

मामला अंजोरा पुलिस चौकी क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय सिद्धांत दान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सिद्धांत सोमवार रात अपनी गर्लफ्रेंड अंजलीना तंवर के घर पहुंचा था। उस समय घर में अंजलीना के अलावा उसकी सहेली निमिषा, उसका बॉयफ्रेंड गौरव और ग्रेसी भी मौजूद थे। सभी ने साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान सिद्धांत और अंजलीना के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि शराब के नशे में सिद्धांत ने अंजलीना को गाली दी, जिसके बाद अंजलीना ने उसे थप्पड़ मार दिया। विवाद के बाद सिद्धांत नाराज होकर छत पर चला गया।

कुछ समय बाद अंजलीना उसे देखने छत पर पहुंची, तो सिद्धांत बेसुध हालत में पड़ा था। उसे होश में लाने की कोशिश की गई। अंजलीना ने CPR भी दिया, लेकिन सिद्धांत की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर सिद्धांत की मौत कैसे हुई ? क्या शराब के सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी, कोई मेडिकल इमरजेंसी हुई या विवाद के बाद कोई और घटना हुई ? इन तमाम पहलुओं की जांच की जा रही है।

पुलिस यह भी पता लगा रही है कि सिद्धांत छत पर जाने के बाद कितनी देर तक अकेला था और उस दौरान उसके साथ क्या हुआ।घटना के वक्त घर में मौजूद अंजलीना, निमिषा, गौरव और ग्रेसी से पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस रात में हुई पूरी घटना की टाइमलाइन तैयार कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद से लेकर युवक के बेसुध मिलने तक आखिर क्या-क्या हुआ।फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल युवक की मौत की वास्तविक वजह है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही यह साफ होगा कि यह महज एक संदिग्ध मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है।