KORBA : ‘नो नेटवर्क’ बना जियो ! करतला ब्लॉक में स्लो इंटरनेट से थमा कामकाज,बरपाली समेत कई पंचायतों के उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश …

कोरबा। कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला मुख्यालय सहित ग्राम पंचायत बरपाली और आसपास की लगभग सभी ग्राम पंचायतों में जियो नेटवर्क की खराब स्थिति से उपभोक्ता भारी परेशान हैं। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि पिछले काफी समय से जियो का इंटरनेट बेहद धीमी गति से चल रहा है, जिससे ऑनलाइन होने वाले दैनिक कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इंटरनेट की स्पीड इतनी कम हो गई है कि मोबाइल पर सामान्य वेबसाइट तक खुलने में काफी समय लग जाता है। ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग सेवाएं, शासकीय पोर्टलों पर कार्य, पढ़ाई, वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। कई बार नेटवर्क पूरी तरह गायब हो जाता है, जिससे उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है।

जनपद पंचायत करतला मुख्यालय के साथ-साथ बरपाली सहित कई ग्राम पंचायतों में लोग स्लो इंटरनेट की समस्या से जूझ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे नियमित रूप से रिचार्ज कराने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण सेवा नहीं मिलने से आर्थिक नुकसान और मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने जियो कंपनी से क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था में तत्काल सुधार, इंटरनेट स्पीड बढ़ाने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त नेटवर्क टावर एवं तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सामूहिक रूप से संबंधित विभाग और कंपनी के अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराने को मजबूर होंगे।