व्यापारी के कार का शीशा तोड़ , 3 लाख नगदी सहित 12 लाख के जेवर से भरे बैग पार ,जांच में जुटी पुलिस ,संदेही सीसीटीवी कैमरे में कैद

बिलासपुर। शहर के बड़े कारोबारी के घर के सामने खड़ी स्कार्पियो का कांच तोड़कर चोरों ने रकम व जेवर से भरा बैग पार कर दिया। बैग में नकद तीन लाख रूपए और 12 लाख रुपए के जेवर रखे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिरगिट्टी थाना में की है। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपित की तलाश कर रही है।

दयालबंद स्थित मिनोचा कालोनी निवासी अमोलक सिंह भाटिया शहर के बड़े कारोबारी हैं। कुछ महीने पहले उन्होंने सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा-परसदा स्थित रामा वर्ल्ड कालोनी में मकान खरीदा है। वे परिवार के साथ नए मकान में रह रहे हैंबीते 30 अप्रैल की रात अमलोक सिंह ने अपनी स्कार्पियो को घर के सामने खड़ा किया था। उसी समय करीबी रिश्तेदार के बीमार होने और अपोलो हास्पिटल में भर्ती होने की जानकारी मिली। वे तत्काल दूसरी गाड़ी से अस्पताल चले गए। इस दौरान स्कार्पियो से अपना बैग निकाला भूल गए थे। रात को चोरों ने स्कार्पियो का कांच तोड़कर बैग पार कर दिया। एक मई की सुबह कर्मचारियों की नजर स्कार्पियो के टूट कांच पर पड़ी। उन्होंने अमोलक सिंह को सूचना दी। जांच करने पर अंदर रखा बैग गायब मिला। उन्होंने पुलिस को बताया है कि बैग में सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, चूड़ा समेत नकद तीन लाख रुपए थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।

सीसीटीवी कैमरे में संदेही कैद

घटना की सूचना पर पुलिस की टीम जांच करने मौके पर पहुंची। कालोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज को देखा गया। फुटेज में मोटरसाइकिल में सवार दो युवक नजर रहे हैं। उनकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस ने फुटेज जब्त कर लिया है। साथ ही वहां के सुरक्षाकर्मी समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है।