मध्यप्रदेश छतरपुर । मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम से जुड़े कथित फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का आरोप है कि राजनगर थाना क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान एक युवक पर गोली चलाने के मामले में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अदालत में पेशी के बाद शालिग्राम गर्ग समेत गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक राजनगर थाना क्षेत्र में हुए विवाद के दौरान कथित फायरिंग की घटना सामने आई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और साक्ष्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज की। इसके बाद आरोपियों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की गई। छतरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पतले ने बताया कि इस मामले में कुल चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें 3 आरोपी नामजद हैं, जबकि एक आरोपी अज्ञात है।
पुलिस ने अब तक 2 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस मामले के सामने आने के बाद बागेश्वर धाम से जुड़े होने के कारण घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है तथा मामले में आगे जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, इस मामले पर सभी की निगाहें आगामी जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।
